सीएम योगी आदित्यनाथ का आज गाजियाबाद का दौरा, पूर्व सीएम और सपा मुखिया अखिलेश यादव भी गाजियाबाद में होंगे

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के प्रथम चरण में कुल 58 सीटों पर आगामी 10 फरवरी को मतदान होना है। ऐसे में चुनाव प्रचार के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के पास एक सप्ताह का ही समय बचा है। ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में जैसे-जैसे मतदान नजदीक आ रहा है, गाजियाबाद में स्टार प्रचारकों की आमद बढ़ने लगी है। भाजपा उम्मीदवारों के चुनाव में जान फूंकने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बाद अब शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद आ रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर इस कार्यक्रम की अंतिम रूप से तैयारी हो गई है। इसके अलावा पूर्व सीएम और सपा मुखिया अखिलेश यादव भी शनिवार को गाजियाबाद में होंगे।

इसी बीच सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी भी संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता से गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी माहौल बनाने आ रहे हैं। खास यह कि पहली बार एक ही दिन प्रदेश के वर्तमान एवं पूर्व मुख्यमंत्री एक साथ चुनाव प्रचार के दौरान शब्द-बाण छोड़ने आ रहे हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को शाम चार बजे मुरादनगर पहुंचेंगे। अखिलेश व जयंत चौधरी संयुक्त रूप से दोपहर 12 बजे एनएच-24 स्थित वेदांता फार्म हाउस में पत्रकार वार्ता करेंगे। बता दें कि चुनावों की घोषणा के बाद से अब तक मुख्यमंत्री भाजपा की पांचों सीटों पर जीत बरकरार रखने को तीन बार जिले में आ चुके हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए बिगुल बज चुका है। आगामी 10 फरवरी को गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और हापुड़ की 11 सीटों समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 58 सीटों पर मतदान होगा।

ये हैं गौतमबुद्धगर, हापुड़ और गाजियाबाद की 11 विधानसभा सीटें

  • नोएडा
  • दादरी
  • जेवर
  • हापुड़
  • धौलाना
  • गढ़मुक्तेश्वर
  • गाजियाबाद
  • साहिबाबाद
  • लोनी
  • मुरादनगर
  • मोदीनगर

बता दें कि इन सीटों में तकरीबन सभी सीटों पर भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। इस बार यूपी में समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *