रुद्रपुर में SIR बैठक के दौरान भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। भाजपा नेताओं ने आपत्तिकर्ताओं को धमकाने के आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
रुद्रपुर में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में मतदाता सूची में कथित डबल वोट और अन्य आपत्तियों को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बहस हो गई।
भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि SIR के दौरान आपत्ति दर्ज कराने वाले लोगों को फोन और घर जाकर धमकाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।विवाद बढ़ने के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा समेत अन्य भाजपा पदाधिकारी कलेक्ट्रेट कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए।
बड़ी संख्या में भाजपा और कांग्रेस समर्थक भी कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि उनकी मांग निष्पक्ष और शुद्ध मतदाता सूची सुनिश्चित कराने की है। वहीं, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।