देहरादून। भारतीय जनता पार्टी धर्म-संस्कृति मठ धर्मशाला प्रकोष्ठ की ओर से जंगम शिवालय, पलटन बाजार में एक भव्य धर्म सभा का आयोजन किया गया। टपकेश्वर महादेव मंदिर के श्री महंत 108 कृष्ण गिरी जी महाराज के पावन सानिध्य और प्रकोष्ठ के संयोजक आचार्य शिव प्रसाद ममगाई की अध्यक्षता में आयोजित इस सभा में देहरादून के प्रमुख मंदिरों के पुजारी, धर्माचार्य और संतजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम का कुशल संयोजन प्रकोष्ठ के सह संयोजक योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी ने किया।
धर्म सभा को संबोधित करते हुए धर्म-संस्कृति मठ धर्मशाला प्रकोष्ठ के सह संयोजक घनश्याम शर्मा ने सनातन परंपराओं के संरक्षण पर विशेष बल दिया। सह संयोजक घनश्याम शर्मा ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पहचान यहाँ के देवत्व, समृद्ध धर्म और प्राचीन संस्कृति से है। घनश्याम शर्मा ने आह्वान किया कि समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने और अपनी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ी तक पहुँचाने में सक्रिय योगदान देना होगा।
सभा में ‘धर्मो रक्षति रक्षितः’ के विचार को रेखांकित करते हुए सभी वक्ताओं ने सनातन संस्कृति की रक्षा का संकल्प लिया। टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्ण गिरी जी महाराज ने ऋषि-मुनि परंपरा को जीवंत रखने पर ज़ोर दिया, वहीं प्रकोष्ठ के संयोजक आचार्य शिव प्रसाद ममगाई ने मंदिर समितियों एवं पुजारियों में बेहतर समन्वय, बुजुर्ग पुजारियों के लिए पेंशन-स्वास्थ्य सुविधाओं और धर्मशालाओं में जरूरतमंदों को उचित दरों पर सेवा उपलब्ध कराने की मांग रखी।
कार्यक्रम के दौरान ‘राष्ट्र प्रथम और सनातन प्रथम’ का संदेश देते हुए युवाओं को धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर प्रकोष्ठ के सह संयोजक शेखर श्रीवास्तव, घनश्याम शर्मा, महानगर संयोजक आशीष बलूनी, सह संयोजक विजय डबराल, आचार्य हर्षपती गोदियाल, आचार्य सुभाष जोशी, आचार्य उदय शंकर भट्ट सहित नगर के अनेक गणमान्य धर्माचार्य उपस्थित रहे। सभा के अंत में सभी श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं।